मन्नत पब्लिक स्कूल में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत बच्चों को किया जागरूक
अरवल। जिले के बाजितपुर स्थित मन्नत पब्लिक स्कूल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह निषेध, साइबर अपराध तथा सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें शोषण एवं अनुचित व्यवहार से बचाव के उपाय बताना था।
कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी मनीष कुमार पाण्डेय, पैनल अधिवक्ता डॉ. राजेश चन्द्र तथा विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्य प्रीति कुमारी ने बच्चों को संबोधित किया। बच्चों को किसी भी प्रकार के शोषण या अनुचित व्यवहार के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। यदि उनके साथ कोई गलत व्यवहार होता है, तो वे बिना डर के अपने अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दें।

